गर्मी में दिल को स्वस्थ रखने के लिए 10 जरूरी टिप्स

गर्मी में दिल को स्वस्थ रखने के लिए 10 जरूरी टिप्स

सेहतराग टीम

गर्मियों का मौसम अपने चरम पर है। कई इलाकों में तो इतनी गर्मी है कि लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। कहीं 46 डिग्री तो कहीं करीब 50 डिग्री तापमान लोगों को काफी परेशान कर रहा है। इस गर्मी की वजह से लोग दोपहर में बाहर निकलने से डर रहे हैं। वैसे तो ये गर्मी सभी को परेशान कर रही है लेकिन दिल के मरीजों के लिए ये काफी घातक साबित हो रही है। दरअसर अधिक गर्मी की वजह से नींद की कमी, बेचैनी और प्यास से लोगों के दिल की धड़कने बढ़ सकती हैं। तो सोचिए जिसको दिल की बीमारी है उसका क्या हाल होगा इस गर्मी में, वो तो एरिद्मिया के शिकार हो सकते हैं।

पढ़ें- गर्मियों में दिल की बीमारियों से बचने में मदद करेंगी ये टिप्स

इसी तरह बहुत अधिक गर्मी और लू के कारण शरीर में पानी, सोडियम और पोटैशियम की कमी हो सकती है, जिसके कारण डिहाइड्रेशन हो सकता है और स्थिति जानलेवा हो सकती है। ये समस्याएं दिल के मरीजों के लिए तो गंभीर हैं हीं, साथ ही स्वस्थ लोगों के लिए भी खतरनाक हो सकती हैं। इसलिए गर्मी के मौसम में अपने दिल का ख्याल रखने के लिए आपको इन 10 टिप्स को जरूर फॉलो करना चाहिए।

गर्मी में पानी कम पीना कितना खतरनाक हो सकता है?

गर्मी के मौसम में शरीर की पानी की जरूरतें बढ़ जाती हैं। इसलिए अगर आप पानी पीने में लापरवाही बरतते हैं, तो आपको डिहाइड्रेशन हो सकता है। डिहाइड्रेशन के कारण शरीर में सोडियम, पोटैशियम और पानी की कमी हो सकती है। इससे हृदय की मांसपेशियों में खिंचाव पैदा हो सकता है। जो लोग पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हैं, उनके लिए भी ये मौसम खतरनाक हो सकता है। दरअसल पानी की कमी से पूरे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बिगड़ जाता है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति ब्लड प्रेशर कम करने की दवा भी ले रहा है, तो स्थिति ऐसी बनती है- एक तरफ को पानी कम पीने के कारण हार्ट रेट बढ़ जाता है, दूसरी तरह ब्लड प्रेशर की दवा अंदर जाकर ब्लड प्रेशर कम कर देती है। इससे अचानक व्यक्ति को कार्डियक अरेस्ट की समस्या हो सकती है।

इसलिए गर्मी के मौसम में पर्याप्त पानी पीना बहुत जरूरी है। एक्सपर्ट्स के अनुसार आपको एक दिन में कम से कम 2.5 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। किसी भी स्थिति में दिनभर में 1.25 लीटर से कम पानी न पिएं, अन्यथा आपकी जान को खतरा हो सकता है।

गर्मी में हार्ट को स्वस्थ रखने के लिए 10 जरूरी टिप्स (Ten important tips to keep the heart healthy in summer in Hindi):

  • शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने के लिए पानी लगातार पीते रहें। खासकर एक्सरसाइज के समय और एक्सरसाइज के बाद पानी पीना बहुत जरूरी है।
  • इस मौसम में चाय-कॉफी कम पिएं क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी पैदा करते हैं। इसके बजाय छाछ, लस्सी, फलों का जूस आदि पिएं।
  • ब्लड प्रेशर रोगियों के लिए तो नमक खतरनाक है ही, लेकिन सामान्य लोग भी गर्मी के मौसम में नमक का सेवन कम करें।
  • एक बार में बहुत ज्यादा खाने के बजाय कई बार में थोड़ा-थोड़ा खाएं, जिससे पेट को बहुत अधिक मेहनत न करनी पड़े खाने को पचाने में।
  • खाने में रसीले फल और सब्जियों को शामिल करें ताकि आपको न्यूट्रिएंट्स भी मिलें और पानी भी। इसके लिए तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, टमाटर, प्याज, अदरक, संतरा, केला और दूसरे फलों को शामिल करें।
  • गहरे (डार्क) रंग के कपड़े न पहनें। इसके बजाय हल्के (लाइट) रंग के कपड़े पहनें। कोशिश करें कि सिंथेटिक कपड़ों के बजाय कॉटन के कपड़े पहनें।
  • दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें और घर पर भी शरीर को ठंडा रखने के लिए पंखा, कूलर या एसी आदि को चलाकर ही बैठें।
  • अगर घर से बाहर निकल ही रहे हैं, तो सिर पर टोपी या छाता रखें। कान ढक कर रखें और साथ में पानी की बोतल जरूर रखें।
  • अपना ब्लड प्रेशर चेक करते रहें और किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर तुरंत बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें।
  • बहुत ठंडी चीजें जैसे- आइसक्रीम, बर्फ, चिल्ड पानी या शर्बत आदि लेने से बचें। यानी ठंडी चीजें खा-पी सकते हैं, लेकिन बहुत अधिक ठंडी चीजें नहीं।

 

इसे भी पढ़ें-

गर्मियों में ब्लड प्रेशर बन सकता है खतरनाक, अपनाएं ये जीवनशैली, रहेंगे हमेशा फिट

 

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।